स्कूल प्रिंसिपल की पिटाई

अंब (ऊना)। पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने यहां के एक निजी स्कूल में घुसकर महिला प्रिंसिपल को परिसर से बाहर उठा ले गया और उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि बीचबचाव करने पर हमलावरों ने स्कूल प्रबंधक और उसकी मां को चाकू मार कर घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। इसके बाद प्रदीप कुमार, उसकी मां-बाप और बहन स्कूल में घुसे और प्रिंसिपल सुषमा डढवाल को उठाकर बाहर ले गए। प्रिंसिपल का आरोप है कि हमलावरों ने उसे लाठियों और मुक्कों से मारा। शोर सुनकर स्कूल प्रबंधक अनिल कुमार और उनकी माता भी वहां पहुंचकर बीचबचाव करने लगे। हमलावरों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अनिल कुमार और उसकी माता घायल हो गए। इसी दौरान किसी ने अंब थाने में घटना की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वारदात में घायल प्रिंसिपल, स्कूल प्रबंधक और उसकी मां को खंड चिकित्सालय अंब में इलाज के लिए भर्ती कराया।
अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस ने चारों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related posts