चोली में बिजली लाइन से खतरा

डुगली (चंबा)। ग्राम पंचायत चोली के टिकरू से सनेरा की ओर जाने वाली विद्युत लाइन की हालत दयनीय हो गई है। भुआण नामक स्थान पर बिजली का एक पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे बिजली की तारें लटक गई हैं और पेड़ों को छू रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद क्षतिग्रस्त पोल की मरम्मत नहीं की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पोल दो वर्ष पूर्व टूट गया था। बिजली बोर्ड के कर्मचारी इसकी सुध नहीं ले रहे हैं। बोर्ड के कर्मचारियों से मांग करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। पोल की मरम्मत न होने से बिजली की तारों की आपसी दूरी काफी कम हो गई है और इसके कारण जरा सी बारिश होने पर बिजली गुल हो जाती है। इससे सनेरा, भुआण, भोगा गांवों में अंधेरा पसर जाता है। इन गांवों की करीब 500 की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों विजय कुमार, बालकृष्ण, विरेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने के चलते बिजली की आंखमिचौली से जूझना पड़ता है। बिजली बोर्ड कल्हेल के कनिष्ठ अभियंता कर्म सिंह ठाकुर ने बताया कि लाइन की मरम्मत करने के लिए जल्द सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस लाइन पर तारों की मरम्मत की गई थी।

Related posts