मशीनरी के अभाव में बंद पड़ी हैं सड़कें

सिहुंता (चंबा)। चालक परिचालक संघ के प्रधान महान सिंह चौहान ने बताया कि पिछले लगभग एक साल से लोक निर्माण विभाग चुवाड़ी सब डिवीजन की मशीनरी खराब पड़ी है। इसकोे मरम्मत के लिए परेल स्थित वर्क शाप में रखा गया है, लेकिन आज तक इसकी मरम्मत नहीं हो पाई है। इस कारण चुवाड़ी मंडल में अभी भी बरसात के बाद कई लिंक रोड नहीं खुल पाए हैं। उन्होंने बताया कि चुवाड़ी स्थित कालीघार बरसात के कारण हर साल बंद हो जाती है। इस मार्ग को बहाल करने के लिए सिहुंता सब डिवीजन का डोजर वहां शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उस डोजर की हालत भी काफी दयनीय हो गई है और इसकी मरम्मत की जरूरत है। ट्रकों के टायर भी पूरी तरह से घिस गए हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बजट का बहाना बनाकर इसकी मरम्मत नहीं करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि थकोली रोड पर रोड रोलर पिछले दस सालों से खड़ा है। इसके अधिकांश पुर्जें कबाड़ी निकालकर ले गए हैं और विभाग ने इसकी सुध तक नहीं ली। उन्होंने बताया कि एक डोजर लगभग एक साल पहले बनीखेत में काम के लिए भेजा गया था। वहां पर काफी दिनों तक सड़क किनारे खड़ा रहने पर डोजर की चारों आर्म चोरी कर ली गई थी। विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि मशीनरी की जल्द मरम्मत करवाई जाए। परेल स्थित वर्कशाप के अधिशासी अभियंता महिंद्र सिंह मिन्हास ने बताया डलहौजी डिवीजन से मशीनरी की रिपेयर का सात लाख रुपये लेने को है। उन्होंने कहा कि जब तक पैसे नहीं मिलते मशीनरी की मरम्मत नहीं की जा सकती। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता वीके शर्मा ने बताया कि मशीनरी की मरम्मत के लिए बजट वर्कशाप के एक्सईएन को जारी कर दिया गया है।

Related posts