
ऊना। जिला मुख्यालय पर सीटू कार्यकर्ताओं एवं सीपीआईएम ने संयुक्त रूप से शिमला में हुए सीटू कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने के विरोध में रोष रैली निकाली। रैली के दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकाली। इस मौके पर सीटू के जिला प्रधान कामरेड ओम दत्ता, जिला सचिव कामरेड गुरनाम सिंह, सीपीएम के जिला सचिव कामरेड विजय शर्मा, उपप्रधान सुरेंद्र कुमार, सीटू के नेता दलजीत सिंह, संतोख सिंह, किसान सभा पंडोगा के प्रधान केके राणा व ओम पाल आदि ने बीते दिन शिमला में सीटू कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को निंदनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसको कतई सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर श्रम कानूनों की इसी प्रकार से धज्जियां उड़ाई गईं और सरकार का रवैया भी ऐसा ही रहा तो सीटू अन्य संगठनों के साथ मिलकर बड़े आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी। इस अवसर पर शशि पांडे, जुगल किशोर, बासुदेव, राजेंद्र प्रसाद, सीटू नेता कामरेड ओपी सिद्धू दुनी चंद, तिलक राज, संजीव सहोड व रोहित सहित अन्य कई समर्थक उपस्थित थे।
