अस्पताल के मजदूरों पर लाठी चार्ज की निंदा

हमीरपुर। प्रदेश सीटू महासचिव डा. कश्मीर ठाकुर ने कहा कि सीटू की राज्य कमेटी शिमला में तेनजिन अस्पताल के बाहर सीटू नेताओं, अस्पताल के मजदूरों पर लाठी चार्ज की निंदा करती है। सीटू ने प्रकरण में संलिप्त छोटा शिमला के थाना प्रभारी को फौरन निलंबित करने की मांग की। सीटू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ठाकुर ने कहा कि सीटू नेता और मजदूर अस्पताल प्रबंधन की ओर से गैर कानूनी तरीके से 14 मजदूरों की बर्खास्तगी को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए अभी एकत्रित हो रहे थे। अस्पताल के मालिक ने 14 मजदूरों को बिना किसी कारण के नौकरी से निकाल दिया था। बुधवार को सीटू के राज्य अध्यक्ष, सीटू जिला महासचिव विजेंद्र मैहरा के नेतृत्व में मजदूर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के लिए इकट्ठा ही हो रहे थे कि अचानक 100 के करीब पुलिस जवानों ने मजदूरों, सीटू नेताओं पर हमला बोल दिया। सीटू की राज्य कमेटी के अध्यक्ष जगत राम, राज्य कमेटी के संयुक्त सचिव विजेंद्र मैहरा, राज्य कोषाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, होटल मजूदर लाल झंडा यूनियन के अध्यक्ष किशोरी ढटवालिया सहित करीब 15 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। राज्य कमेटी मजदूरों पर बर्बर लाठीचार्ज और झूठे मुकदमे बनाकर नेताओं को गिरफ्तार करने की भर्त्सना करती है। सरकार के आश्रय से उद्योगों के मालिक हायर एंड फायर की नीति अपनाए हुए हैं। मजदूरों और कर्मचारियों को बिना किसी कारण नौकरी से बर्खास्त किया जा रहा है। प्रबंधकों ने पैसे के बल पर सरकार और पुलिस पर मजदूरों को कुचलने की साजिश की। सीटू राज्य कमेटी प्रदेश सरकार से आग्रह करती है कि श्रम कानून को सख्ती से लागू किया जाए।

Related posts