
बड़सर (हमीरपुर)। तूफान को कारण ठप हुई विद्युत आपूर्ति 72 घंटे के बाद भी पूरी तरह से बहाल नहीं हो पायी है। हालांकि बोर्ड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य लाइनों को जोड़ दिया है और अधिकतर गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है। लेकिन अभी भी क्षेत्र के 15 फीसदी ग्रामीण आबादी अभी भी अंधेरे में है।
बोर्ड के कर्मचारी तीन दिन से लाइनें जोड़ने में लगे हुए हैं। कई स्थानों में पोल टूट गए हैं। उनके स्थानों पर पोल लगाए गए। विद्युत बोर्ड की ओर से ठेकेदारों की लेबर की मदद ली जा रही है। दांदड़ू, बुंबूलू तथा हरसौर में इक्का दुक्का घरों में बिजली पहुंचाना शेष रहा है। मसलाना में कुछ घरों में आपूर्ति करना अभी शेष है। एमआईटी ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य अभी नहीं हुआ है। मैहरे विश्रामगृह के पास तीन पोल लगाए जाने हैं। काहवा, रैल, बल्याह कलां, गारली सैक्शन में काफी कार्य किया जा चुका है, लेकिन घंघोट में कई घरों में आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। भगेड, क्याराबाग गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। फगोटी, कलवाल, जजरी, बड़ा ग्रां तथा महारल के कई घरों में आपूर्ति करना अभी शेष है। विद्युत मंडल बड़सर अधिशाषी अभियंता एमएल कालिया ने बताया कि मुख्य लाइनों को जोड़ दिया गया है तथा गांवों की लाइनों को जोड़ा जा रहा है। सभी गांवों में बिजली पहुंचा दी गई है। उन्होंने माना कि 15 फीसदी आबादी की विद्युत आपूर्ति बहाल करना शेष रह गई है।
