
मैहला (चंबा)। स्थानीय ब्लॉक के तहत चड़ी पंचायत में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में खाई में धक्का देकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप वृद्ध के भाई के पौते (22) पर लगाया गया है। वृद्ध की बेटी ने इस संबंध में पुलिस को बयान दिया है कि उसके चाचा के पौते ने उसके पिता के साथ घास को लेकर झगड़ा किया और इसी दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का देकर खाई में गिरा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बयान दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रताप चंद पुत्र (61) मांगणू निवासी गांव नुखनाड़ी पंचायत चड़ी बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास स्थित घासणी में घास काट रहा था। इसी दौरान उसके भाई का पौता राकेश कुमार मौके पर आ पहुंचा और यह कहते हुए उसके साथ झगड़ने लगा कि उसने उनके हिस्से का घास काट लिया है। इस बात पर राकेश ने प्रताप चंद के साथ हाथापाई की और इसी दौरान प्रताप चंद पास ही स्थित करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी हैडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी युवक राकेश कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रताप चंद के शव का पोस्टमार्टम भी वीरवार को होगा। पुलिस मामले की आगामी छानबीन कर रही है। उधर,पता चला है कि प्रताप चंद की पांच बेटियां व दो बेटे हैं।
