
कुल्लू। भुंतर डाकघर से 26 जुलाई को दिल्ली भेजा इंटरनेट मनीआर्डर दो माह बाद भी नहीं मिल पाया है। प्रार्थी ने इस बारे कई बार दिल्ली में संपर्क किया लेकिन मनीआर्डर नहीं मिला। प्रेषक रोशन लाल ठाकुर निवासी तेगुबेहड़ ने बताया कि उन्होंने भुंतर डाकघर से 26 जुलाई को नीता प्रकाशन ए-4 साउथ एक्सटेंशन एक रींग रोड नई दिल्ली के नाम 450 रुपये का इंटरनेट मनीआर्डर भेजा था लेकिन मनीआर्डर आज तक नहीं मिला है। इस बारे में उन्होंने भुंतर डाकघर में कई बार पूछताछ की लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। उन्होंने इसकी शिकायत अब डाक विभाग के मंडी को डिविजन को की है। वहीं मंडी डाक विभाग डिविजन के प्रवर अधीक्षक भवानी प्रसाद ने कहा कि टैक्नीकल समस्या के चलते मनीआर्डर नहीं जा सका था। 24 अगस्त को इसे भेज दिया है। इस बारे में दिल्ली बात की जाएगी तथा इसकी जांच भी होगी।
