गदौरी साहिब में होगा पाठ और नगर कीर्तन

कुल्लू। भगवान श्रीचंद्र जी उदासीनाचार्य के 519वें प्रकाश उत्सव पर ऐतिहासिक तपो स्थान गदौरी साहिब में कई कार्यक्रम होंगे। 20 से 22 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में श्री अखंड पाठ साहिब, नगर कीर्तन और लंगर के अलावा निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप भी लगेगा।
गदौरी साहिब के संत बाबा स्वामी श्री दयानंद ने बताया कि शुक्रवार 20 सितंबर को सुबह साढे़ आठ बजे श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा। शनिवार 21 सितंबर को सुबह दस बजे विशाल नगर कीर्तन होगा। यह गुरुद्वारा श्री गुरुग्रंथ साहिब भुंतर से आरंभ होगा और गदौरी साहिब पहुंचेगा। शनिवार रात को कीर्तन दरबार होगा। रविवार सुबह दस बजे भोग श्री अखंड पाठ साहिब और कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सुबह 11 बजे गुरु का लंगर लगेगा।
संत बाबा स्वामी श्री दयानंद ने बताया कि रविवार को गदौरी साहिब में ही निशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा। इसमें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू और कुल्लू वैली अस्पताल के अनुभवी डाक्टरों के अलावा मैक्स सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल मोहाली के हृदय रोग विशेषज्ञ डाक्टर अमित गुप्ता और आर्थो विशेषज्ञ डाक्टर विवेक कोछड़ विशेष रूप से अपनी सेवाएं देंगे। संत बाबा स्वामी श्री दयानंद ने सभी लोगों से इन कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया है।

Related posts