घर में घुसकर दंपति से मारपीट

टाहलीवाल/हरोली/ऊना। गोंदपुर बुल्ला इलाके में घर में घुसकर पांच लोगों ने दंपति पर लाठियों और हॉकी से हमला कर दिया। वारदात के दौरान सभी पांचों आरोपी शराब के नशे में धुत थे। लकड़ी तस्करी के एक पुराने मामले को लेकर यह वारदात हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने दंपति को जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस के अनुसार थाना हरोली के तहत सहाबद्दीन निवासी गोंदपुर बुल्ला ने शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात भागद्दीन, गुलाम मोहम्मद, अली मोहम्मद, आलमद्दीन और लाडीद्दीन शराब के नशे में धुत होकर हाथों में लाठियां और हॉकी लेकर उसके घर में घुसे। लकड़ी की तस्करी के एक पुराने मामले को लेकर आरोपी शिकायतकर्ता सहाबद्दीन से बहस करने लगे। इसके बाद सभी आरोपियों ने सहाबद्दीन को पकड़ लिया और हॉकी तथा लाठियों से उसे पीट डाला। जब सहाबद्दीन की पत्नी उसे छुड़ाने लगी तो उस पर भी हमलावरों ने लात और घूंसों की बौछार कर दी। वारदात में दंपति को चोटें आई हैं। इनका शोर सुनकर सहाबद्दीन के चाचा वहां आए और इन्हें हमलावरों से छुड़वाया। दंपति के सिर, मुंह और हाथों से काफी रक्त बह गया है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं। पुलिस ने घायल दंपति का मेडिकल भी कराया है। अस्पताल में दंपति का उपचार भी हुआ। हरोली थाने के एसएचओ महेंद्र कुमार ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऊना के एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून अपना काम करेगा।

Related posts