महिला कर्मचारी से दुर्व्यवहार

ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में अनुबंध पर कार्यरत एक महिला कर्मी ने अस्पताल में ही तैनात एक बाबू पर कथित तौर पर आपत्तिजनक करकतें करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला कर्मी की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीआर कौशल ने मामले पर जांच बिठा दी है।
एक वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गई है। महिला चिकित्सक अपनी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपेंगी। आरोपी बाबू पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। महिला कर्मी के साथ हुई इस घटना के दौरान अस्पताल में खासा हंगामा हो गया था। मामला बढ़ता देख इस पर जांच बिठा दी गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल में ही एक कमरा ऐसा भी है, जिसकी भारी विवादों के चलते तालाबंदी कर दी गई है। इस कमरे में शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुए हैं। चर्चा है कि कुछ कर्मचारी इस कमरे में बैठकर रात को खूब शराब पीते थे और मोबाइल फोन पर म्यूजिक लगाकर नृत्य भी करते थे। अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार मौज मस्ती कर रहे इन कर्मचारियों के आगे मुंह भी नहीं खोल पाते थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल ने मामले पर जांच बिठाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला कर्मी के साथ ऐसी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

Related posts