चार विभागों को कब्जा हटाने के आदेश

बिलासपुर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के शहर के अवैध कब्जों को हटाने के आदेश के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। जिला प्रशासन ने चार विभागों को शहर में हुए कब्जों को चिंहिंत कर हटाने के आदेश दिए हैं। एक महीने के भीतर कब्जों को चिंहित करना होगा। उधर, अब यदि शहर में किसी भी तरह का कब्जा हुआ तो संबंधित विभाग के अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कब्जों को तुरंत हटाने के भी आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शहर में हो रहे अवैध कब्जों पर गहरी चिंता प्रकट की है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए मंडी जाते वक्त उन्होंने उपायुक्त को कब्जे हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इस पर उपायुक्त ने नगर परिषद, लोनिवि, वन विभाग और राजस्व विभाग को अपने-अपने विभाग की जमीन पर हुए कब्जों को चिंहित कर हटाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त डा. अजय शर्मा ने बताया कि अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नए कब्जों को तो तुरंत हटाने के लिए कहा गया है। यदि इसमें किसी भी तरह की कोताही बरती गई तो संबंधित विभाग के अधिकारियों या फिर जिम्मेदार अधिकारी पर गाज गिरेगी।

Related posts