बग्गा डैम में फिर मिला शव

भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सहित लापता हुए नूरपुर के तीन युवकों में से दूसरे का शव भी धरवाला स्थित बग्गा डैम से बरामद कर लिया गया है। इसकी पहचान अंकुश शर्मा (25) उर्फ बिक्का पुत्र रामलाल शर्मा निवासी नागबाड़ी डाकघर लोधरा तहसील नूरपुर के तौर पर हुई है। सोमवार को इनके एक साथी सिकंदर उर्फ बब्बू पुत्र दर्शन सिंह निवासी टिपरी का शव भी बग्गा डैम से बरामद किया गया था, जबकि इनके तीसरे साथी रविंद्र कुमार (27) उर्फ बिंदु पुत्र ज्ञान सिंह निवासी नागबाड़ी का अभी तक पता नहीं चला है। इसके साथ ही इनकी मोटरसाइकिल भी रावी में ही समाई हुई है, जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। ज्ञात रहे कि ये तीनों युवक पांच सितंबर को मणिमहेश यात्रा के लिए एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चंबा पहुंचे थे। इस दौरान इनके कलसुई स्थित मणिमहेश यात्री पंजीकरण केंद्र से पांच सितंबर को रात आठ बजे रवाना होने की जानकारी दर्ज है। इसके बाद ये कहां गए इसका पता नहीं चल पाया। इतने दिनों तक इनके परिजन यह ही समझते रहे कि ये तीनों यात्रा में ही कहीं फंसे हुए हैं। जब लंबे इंतजार के बाद भी घर वापस नहीं पहुंचे तो इनके घर से अजय जसरोटिया पुत्र चूहड़ू सिंह जसरोटिया ने स्थानीय पुलिस थाना में पहुंच कर रविवार को ही शिकायत दर्ज करवाई थी। अभी इनकी तलाश जारी ही थी कि सोमवार को सिकंदर का शव डैम में से बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर इन्हें परिजनों के हवाले कर दिया है। डीएसपी हैडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीसरे युवक की तलाश जारी है। अगर शव व मोटरसाइकिल नहीं मिलते हैं तो डैम खाली करवाने के लिए केंद्र से इजाजत लेनी पड़ेगी।

Related posts