प्रिया साफ्टवेयर से लैस होंगी पंचायतें

कुल्लू। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के बेहतर कार्यान्वयन के लिए प्रदेश सरकार सभी पंचायत कार्यालयों को हाईटैक कर रही है। पंचायतों को ब्राडबैंड और अन्य आधुनिक संचार सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। पंचायतों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस बाबत प्रशिक्षण मिल रहा है। यह जानकारी जिला पंचायत अधिकारी गिरीश शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के कार्य को हाईटैक करने के लिए नया सॉफ्टवेयर ‘प्रिया’ (पीआरआईए,) तैयार किया है। जिला परिषद कुल्लू की वेबसाइट लांच हो चुकी है। जिले में इस दिशा में बहुत सराहनीय कार्य हो रहे हैं। इसी के चलते जिला परिषद कुल्लू को लगातार दो बार राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ जिला परिषद का पुरस्कार मिला है।
ग्राम स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता लाने में प्रिया साफ्टवेयर महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। पंचायतों में बेहतर वित्त एवं कोष प्रबंधन के लिए जनप्रतिनिधियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सरकारी अनुदान के अलावा आय के अपने साधनों जैसे गृह कर, तहबाजारी कर, सेवा फीस, जन्म-मृत्यु पंजीकरण फीस, विवाह पंजीकरण फीस, राशनकार्ड और अन्य प्रमाणपत्र फीस और पंचायत स्तर पर अन्य करों से आय के बारे में जानकारियां दी जा रही हैं।
जिला पंचायत अधिकारी ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अभी तक विकास खंड कुल्लू के 65 प्रधानों, 63 उपप्रधानों, 360 पंचायत सदस्यों और 52 पंचायत सचिवों और सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। खंड नग्गर, विकास खंड निरमंड, विकास खंड बंजार और आनी विकास खंड के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गिरीश ने बताया कि प्रशिक्षण की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Related posts