
ऊना। ऊना-हमीरपुर मार्ग पर रेड लाइट चौक के समीप देर रात दो बाइकोंऔर एक कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दो युवकों की नाजुक हालत के चलते उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर स्थित सुविधा पैलेस की ओर एक कार मुड़ रही थी कि अचानक सामने से आ रही दो तेज रफ्तार बाइकें एक-एक करके कार से जा टकराईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सीधी कार से टकराने से एक युवक फिल्मी स्टाइल में लगभग पांच मीटर उछल कर गिर पड़ा, जबकि बाइक कार के दरवाजे के साथ सीधी खड़ी हो गई। हादसे में अमन पुत्र जसवंत सिंह निवासी महलात के सिर पर चोट लगी है। इसके अलावा अमित पुत्र धर्म सिंह निवासी रांयसरी, रविंद्र, देवेंद्र एवं बलवीर निवासी विकास नगर (ऊना) को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन एवं रविंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया है। दोनों युवकों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि दीपक कुमार निवासी रक्कड़ कालोनी के शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ धारा 279 एवं 337 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
