हजारों के विद्युत उपकरण खराब

अंब (ऊना)। मुबारिकपुर में वोल्टेज के चलते लोगों के कीमती विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। इससे लोगों को हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। पिछले दो दिन से चल रही बिजली की आंख मिचौनी स्थानीय लोगों पर भारी पड़ रही है। रामनगर मोहल्ला वासियों में कमला देवी, सुरेंद्र कुमार, सुशील शर्मा, गंगा राम, सत्य प्रकाश, रविकांत, शोभारानी व सचिन ने बताया कि उनके मोहल्ले में सोमवार दोपहर से बिजली वोल्टेज के बढ़ने एवं घटने से घराें में रखे बिजली उपकरण, बल्ब व फ्रिज खराब हो गए। उन्हाेंने बताया कि इससे उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। विद्युत बोर्ड के कर्मियों को समस्या से कई बार अवगत भी करवाया गया, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी कोई हल नहीं निकला। इसके चलते लोगों में विद्युत बोर्ड के प्रति गहरा रोष है।लोगों ने कहा कि यदि जल्द लोगों की समस्या का हल न निकाला तो विद्युत कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार से कहा कि बीते दिनों तेज अंधड़ के चलते यह समस्या आई है। इससे विद्युत बोर्ड का भी काफी नुकसान हुआ है। लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

Related posts