
बड़सर (हमीरपुर)। उटप पंचायत के गांव बल्ह में महिला ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला के मायके वालों के बयान पर पुलिस ने पति सुनील कुमार, उसके भाई संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार उटप पंचायत के गांव बल्ह की पूजा शर्मा पत्नी सुनील कुमार कुछ दिनों से बीमार थी तथा दवाई ले रही थी। बीते रविवार को परिवार के सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। सुबह करीब दस बजे पूजा शर्मा उल्टियां करने लगी। पति सुनील के भाई की लड़की ने खेतों में जानकारी दादी को दी। दादी घर आई तो पूजा ही हालत ज्यादा खराब थी। परिजन उसे बल्ह गांव में प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए लेकिन बेहोश होने पर बड़सर अस्पताल ले आए। हालत में सुधार नहीं हुआ। करीब 12 बजे महिला की मौत हो गई। महिला की शादी 2010 में हुई थी तथा उनका एक साल का एक लड़का है। महिला के मायके टिप्पर गांव में हैं। मायके वालों को सूचना दी गई। पूजा के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति सुनील कुमार तथा भाई संजय कुमार उसकी बेटी को छोटी-छोटी बातों के लिए तंग करते थे। इस कारण उनकी बेटी ने जहर निगला है। पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
