
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा पर आए जिला कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के तीन युवक लापता हो गए हैं। इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा की तहसील नूरपुर के गांव नागाबाड़ी निवासी अजय जसरोटिया पुत्र चूहड़ू सिंह जसरोटिया ने स्थानीय पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि अंकुश शर्मा उर्फ बिक्का (25) पुत्र रामलाल, रविंद्र कुमार उर्फ बिंदु (27) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी नागबाड़ी और सिकंदर (20) पुत्र हरबंस लाल निवासी टिपरी डाकघर लोधरा तहसील नूरपुर अपनी मोटरसाइकिल (नंबर एचपी 38 बी-6974) पर 13 दिन पहले मणिमहेश यात्रा पर निकले थे। उन्होंने बताया कि अभी तक ये तीनों युवक वापस घर नहीं लौटे हैं। इस दौरान उनके साथ कोई संपर्क नहीं हो पाया है। उधर, इन तीनों के बाइक सहित धरवाला स्थित बग्गा डैम में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को सोमवार को ही इस डैम में एक युवक की लाश मिली है। इसकी जेब से बरामद मोबाइल सिम के जरिए जब पुलिस ने इसके किसी रिश्तेदार से संपर्क किया तो उसने इन तीनों युवकों में से एक सिकंदर का रिश्तेदार होने की बात कही। साथ ही उन्होंने पुलिस को बताया कि सिकंदर आपने दो अन्य साथियों के साथ मणिमहेश के लिए गया था, मगर वापस नहीं लौटा है।
