
भुंतर (कुल्लू)। जिले के भुंतर में स्थित कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट में हिंदी पखवाड़े का सोमवार को शुभारंभ किया गया। एयरपोर्ट के निदेशक ने दीप जलाकर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि एयरपोर्ट में अधिकतर कार्य हिंदी में ही किए जाने को प्राथमिकता दी जा रही है। इस बारे में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशानिर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़े के तहत एयरपोर्ट में अनेक प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। इसी कड़ी में 18 सितंबर को महिला उत्पीड़न और इसका निदान विषय पर निबंध प्रतियोगिता होगी। पखवाड़े के अंत में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस मौके पर एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक संदीप पुरी, एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी पंकज अग्रवाल, भासमती घोष, लोकेंद्र ठाकुर, राम लाल और डोला सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
