40 पेड़ों को काट डाला

अंब (ऊना)। वन काटुओं ने नैहरियां इलाके में हरे भरे 40 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। उपमंडल अंब में वन माफिया ने वन विभाग और पुलिस की नींद हराम करके रख दी है। माफिया हरे भरे पेड़ों को काटकर लकड़ी की तस्करी करके खूब चांदी कूट रहा है। लोगों का कहना है कि वन माफिया के खिलाफ विभाग भी कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं ला रहा है। विभाग की ढील के कारण वन माफिया ने अब की बार नैहरियां गांव में स्थित संतु-टिल्ला के जंगल को निशाना बनाया है। यहां से वन माफिया ने हरे पेड़ाें पर कुल्हाड़ी चलाकर पेड़ों को कत्ल कर डाला। अधिकतर लकड़ी माफिया ने खुर्द बुर्द कर दी है। जानकारी के अनुसार परदेशी, सरीह, शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के पेड़ माफिया ने काट डाले। मौके पर करीब 40 पेड़ों के ठूंठ पाए गए हैं। लकड़ी को माफिया ने पंजाब के होशियारपुर तथा पंजाब की ही अन्य मंडियों में बेच डाला। ग्रामीण में नरेश कुमार, राजेश कुमार, अनिल कुमार, राजु, बिट्टू और रमेश आदि ने बताया कि संतु टील्ला में पिछले तीन दिन से अवैध कटान जारी है। रात के अंधेरे में ट्रकों से अवैध लकड़ी को पंजाब भेजा जा रहा है। गौरतलब है कि वन काटुओं ने छोटे बड़े सभी प्रजातियों के हरे पेड़ों पर आरा चलाया है। भारी अवैध कटान के कारण पुलिस और वन विभाग भी संदेह के दायरे में हैं। जब इस संबध में डीएफओ आरके कौशल से बात की गई तो उन्हाेंने बताया कि इस संबंध में जांच की जाएगी। वन परिक्षेत्राधिकारी से पूरी रिपोर्ट मांगेंगे।

Related posts