
चंडीगढ़: चैम्पियंस लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वालीफाई दौर के मैच खेलने आई पाकिस्तान की फैसलाबाद वोवल्स की टीम को भारत आने का वीजा तो मिल गया लेकिन प्रतियोगिता के दौरान मोहाली में ही रहना पड़ेगा। टीम के खिलाड़ी चंडीगढ़ हवाई अड्डे से उतरने के बाद सैक्टर-35 के उस होटल पहुंच गए, जहां क्वालीफाई राऊंड में भाग लेने वाली 3 अन्य टीमें पहले से ही ठहरी हुई थीं।
होटल प्रबंधकों ने जब इन खिलाडिय़ों को मिले वीजा की पड़ताल की तो पता चला कि उन्हें केवल मोहाली में प्रवेश करने का वीजा दिया गया है। इसलिए उन्हें चंडीगढ़ स्थित होटल में नहीं ठहराया जा सकता। वीजा में इस कमी का पता लगते ही टीम के खिलाड़ी ही नहीं, आयोजक भी सकते में आ गए।
इस मामले को तुरंत भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के नोटिस में लाया गया व बोर्ड की ओर से पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधना शुरू कर दिया गया है। देर सायं तक इन खिलाडिय़ों को चंडीगढ़ में ठहरने के लिए वीजा नहीं मिल पाया था जबकि दूसरी ओर मोहाली में कोई ऐसा बड़ा होटल भी उपलब्ध नहीं जहां टीम को सुरक्षित ठहराया जा सके।
क्लब हाऊस में ठहराए खिलाड़ी
इस समस्या का समाधान फिलहाल पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने मोहाली स्टेडियम में स्थित क्लब हाऊस में टीम को ठहरा लिया है लेकिन टीम के खिलाड़ी ठहरने की व्यवस्था होने के लिए कई घंटे प्रतीक्षा करते रहे व इसी चक्कर में वह अभ्यास नहीं कर पाए जबकि क्वालीफाई राऊंड मैच शुरू होने में मात्र एक दिन बचा है। इस शेष बचे एक दिन में फैसलाबाद टीम को चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास मैच खेलना था लेकिन शहर में प्रवेश न करने का उनके पास वीजा न होने के कारण इस मैच के आयोजन पर भी प्रश्न चिन्ह लग गया है।
अभ्यास के बारे भी नहीं जानकारी
आयोजकों की ओर से सोमवार को टीमों के अभ्यास की समय सूची जारी की गई है, उसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि फैसलाबाद की टीम कब व कहां अभ्यास करेगी जबकि शेष तीनों टीमों के अभ्यास के समय व स्थान की जानकारी सार्वजनिक कर दी गई है। सोमवार को ओटैगो वोल्ट्स टीम सुबह 10 से 1 बजे तक व हैदराबाद सनराइजर्स दोपहर बाद 4 से सायं 7 बजे तक पी.सी.ए. स्टेडियम में अभ्यास करेगी जबकि कांदुरता मरून्म टीम दोपहर 2 से सायं 5 बजे चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास मैच खेलेगी।
टीम का खेल पर ध्यान
उधर, जब फैसलाबाद टीम के कोच सैय्यद रहमान से वीजा के कारण टीम को पेश आ रही कठिनाइयों के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान तो केवल खेल की ओर है, वीजा संबंधी मामलों को देखने आयोजकों का काम है। इस संबंध में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ही कुछ बता सकता है।
