
हल्द्वानी। शहर में रविवार को 11 सेंटरों पर बंदी रक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इसमें 1309 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में आयोजित बंदी रक्षक परीक्षा के लिए शहर में एमबीपीजी कालेज, हरगोविंद सुयाल इंटर कालेज, क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीवैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खालसा नेशनल बालिका इंटर कालेज, सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निर्मला कान्वेंट स्कूल को सेंटर बनाया गया था। सेंटरों पर एक घंटा पहले ही अभ्यर्थी पहुंच गए। अपराह्न दो बजे से सायं चार बजे तक चली परीक्षा में सुपर विजन के लिए हर केंद्र पर प्रभारी अधिकारी की तैनाती की गई थी। जोनल अधिकारी वीके जोशी ने बताया कि एमबी डिग्री कालेज, निर्मला कान्वेंट स्कूल, खालसा स्कूल समेत चार केंद्रों पर दो-दो सेंटर बनाए गए थे। इन केंद्रों पर परीक्षा में 5117 अभ्यर्थी शामिल होने थे। लेकिन 1309 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल 3808 अभ्यर्थियों ने बंदी रक्षक पद की लिखित परीक्षा दी। एमबी डिग्री कालेज परीक्षा केंद्र परीक्षा पर एक हजार से अधिक परीक्षार्थी होने से परीक्षा समाप्ति के बाद नैनीताल रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी।
