सीओ के आश्वासन पर 18 तक टाला आंदोलन

चंबा (टिहरी)। एक माह पहले चंबा से गायब हुई लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर आंदोलनरत लोगों ने पुलिस उपाधीक्षक के आश्वासन पर 18 सितंबर तक आंदोलन स्थगित कर दिया है। सीओ ने बताया कि लड़की को ढूढ़ने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
बीते 12 अगस्त को चंबा से एक युवती गायब हो गई थी। उसके पिता की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी लेकिन युवती का पता न चलने से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को थाने में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। शनिवार की रात करीब आठ बजे सीओ प्रताप सिंह चौहान ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्हें बताया कि लड़की की तलाश जारी है। उन्होंने बरामदगी के लिए 18 सितंबर तक का समय मांगा। सीओ के आश्वासन को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने 18 सितंबर तक आंदोलन स्थगित कर दिया। चेकतावनी दी कि इस अवधि में लड़की की बरामदगी नहीं होने पर दोबारा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस मौके पर महिला समाख्या की जिला सदंर्भ व्यक्ति रीना पंवार, धूम सिंह नेगी, सुशील बहुगुणा, नरेंद्र रमोला, पूरण सिंह चौहान, ऊषा देवी, अरण्य रंजन आदि उपस्थित थे।

Related posts