कांग्रेस सरकार एचपीसीए पर चाहती है कब्जा : अनुराग

नादौन (हमीरपुर)। सांसद एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार पिछली बार सत्ता में रहते हुए भी एचपीसीए पर कब्जा करने का अथक प्रयास करती रही है। नादौन में प्रेस वार्ता में अनुराग ने कहा कि वर्ष 2005 में कांग्रेस ने खेल कानून बनाकर भी एचपीसीए के खिलाफ समानांतर संस्था खड़ी करके खेलों को कुचलने का प्रयास किया। न्यायालय ने खेल कानून पर रोक लगा दी और देशभर के खेल संगठनों ने निंदा की थी। कांग्रेस सरकार की संकुचित सोच के चलते विभिन्न खेलों के लिए भाजपा सरकार ने कोच नियुक्त किए थे, उन्हें हटा दिया गया। खिलाड़ियों को रोजगार देना तो दूर उनका मनोबल तक कांग्रेस ने नहीं बढ़ाया। कांग्रेस ने गुंडों को भेजकर स्टेडियमों पर कब्जा करने का प्रयास किया है। सरकार पर आरोप लगाया कि कई पूर्व खिलाड़ियों को एचपीसीए के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए लगाया गया। उन्होंने कहा कि एचपीसीए का एक ही मकसद है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में खेलकर अच्छा प्रदर्शन करें। 10 वर्षों में प्रदेश क्रिकेट में काफी सुधार हुआ है। क्रिकेट के कारण प्रदेश विश्व मानचित्र पर नजर आया है। अनुराग के साथ विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री भी उपस्थित थे।

Related posts