आईपीएच विभाग में दर्जनों पद खाली, कैसा चलेगा काम

सलूणी (चंबा)। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग मंडल सलूणी में स्टाफ की कमी चल रही है। ऐसे में विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक सिचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग सलूणी मंडल में कनिष्ठ अभियंता के कुल 15 पद स्वीकृत हैं। इसमें से मात्र छह पदों पर ही कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि नौ पद रिक्त पड़े हैं। यही नहीं सहायक अभियंता के भी दो पद खाली हैं। मंडल में सहायक अभियंता के कुल पांच पद स्वीकृत हैं। इसमें केवल तीन पद भरे हुए हैं। विभिन्न श्रेणीयों के ड्राफ्टमैन के पद भी खाली चल रहे हैं। ड्राफ्टमैन के छह पद स्वीकृत हैं। इसमें मात्र एक पद भरा हुआ है और पांच पद खाली चल रहे हैं। यह सभी पद पिछले लगभग एक साल से ज्यादा समय से खाली पड़े हैं। अधिकतर पद खाली होने से विभाग में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। इसके अलावा ग्रामीणों को भी विभाग की उचित सुविधाएं नहीं मिल रही है। कर्मचारियों व अधिकारियों के पद खाली होने से पेयजल व सिंचाई योजनाओं को सुचारू रूप से चलाने में दिक्कतें पेश आ रही है। स्थानीय निवासी चमन सिंह, चमरो राम, प्रेम लाल, मान सिंह, धर्म चंद, भीलो राम, जगदीश कुमार, विपन कुमार, ज्ञान सिंह और देस राज ने बताया कि आईपीएच विभाग में स्टाफ की कमी होने के कारण उनके काम समय पर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विभाग में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाए। उधर, आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके चौधरी ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता व अन्य पदों की भर्तियां हो गई हैं। जिला में जहां-जहां पद खाली है, वहां पर जल्द नियुक्तियां कर दी जाएंगी।

Related posts