
चंबा। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन को ओर से जिला अस्पताल में बहु-विशेषज्ञ शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली के 20 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम हिस्सा लेगी। पांच दिवसीय चिकित्सा शिविर का आगाज 20 सितंबर से होगा। चिकित्सा शिविर में सभी प्रकार के ऑपरेशन किए जाएंगे। क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सा शिविर के लिए मरीजों की रजिस्ट्रेशन शुरू कर दी है। इसके लिए क्षेत्रीय अस्पताल की ओपीडी में एक काउंटर लगाया गया है। यहां पर जाकर मरीज अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। जरनल सर्जरी, गायनी व आंखों के मुफ्त ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न बीमारियों के टेस्ट भी मुफ्त में किए जाएंगे। क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। अस्पताल में आकर पंजीकरण करवाने के साथ पंजीकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के समन्वयक डा. आशीष ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें दिल्ली के अनुभवी डाक्टरों की टीम भाग लेगी। बच्चेदानी, बाबासीर, हरनिया, अपेंडिक्स आदि के ऑपरेशन भी किए जाएंगे। डा. आशीष ने बताया कि शिविर शुरू होने से पहले मरीजों की जांच की जाएगी और चयनित मरीजों के 20 से 24 सितंबर के बीच ऑपरेशन किए जाएंगे। क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि शिविर के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग ऑपरेशन करने वाली टीम को पांच लाख रुपये की पेमेंट करेगा।
