दशहरे से पहले एयर इंडिया की सौगात

कुल्लू। विश्व मानचित्र में नाम चुका कुल्लू-मनाली का पर्यटन व्यवसाय आज से फिर गति पकड़ लेगा। दो माह से यहां पर्यटन कारोबार ठप पड़ा है। समर सीजन में कम आए सैलानियों के चलते इस बार सीजन ठीकठाक नहीं रहा। खैर, अब जुलाई के बाद पूरे ढाई माह बाद फिर से भुंतर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की उड़ानें आरंभ होने जा रही हैं। हवाई सेवाओं के आरंभ होने से अब कुल्लू-मनाली में के होटल कारोबार में फिर से रौनक लौटने वाली है।
उड़ान को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उड्डयन मंत्रालय से मिले उड़ान पत्र से कुल्लू के पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिलेगी। पहले करीब दस माह बाद हुई उड़ानों में खराब मौसम रोड़ा बन गया था। इस कारण डेढ़ माह तक हवाई उड़ानें नहीं हो पाई थीं। अब दोबारा हवाई उड़ानों के शुरू होने से हाई प्रोफाइल पर्यटकों से जिले के करीब 1200 पंजीकृत होटलों तथा 2200 टैक्सी ऑपरेटों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा जिले के लघु कुटीर और शॉल उद्योगों के साथ अन्य कारोबार के भी पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
इस साल समर सीजन में सैर सपाटे के लिए कुल्लू-मनाली की वादियों में बीते सालों की अपेक्षा पचास फीसदी कम पर्यटक पहुंचे हैं। सोलंगनाला, कोठी, गुलाबा, माल रोड मनाली, धार्मिक नगरी मणिकर्ण, बिजली महादेव और बंजार तथा आनी घाटी के पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा, सोझा और रघुपुरगढ़ आदि मनोरम स्थलों की रौनक फीकी रही है। होटलियर एसोसिएशन मनाली के प्रेस सचिव मोहन लाल बोकटापा ने कहा कि हवाई सेवाएं बंद होने से हाई प्रोफाइल टूरिस्ट न के बराबर पहुंचा है। उड़ानें शुरू होने से दोबारा ट्रैकिंग सीजन को गति मिलेगी। दशहरे से पहले उड़ानों के आरंभ होने से पर्यटन कारोबार को फायदा होगा। मनाली टैक्सी आपरेटर यूनियन के प्रधान पोलू राम ने कहा कि हवाई उड़ानों के आरंभ होने से लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

Related posts