
रामपुर बुशहर। यहां की दरकाली पंचायत में लोगों को तीन माह से सस्ता राशन नहीं मिला है। सरकारी डिपो खाली होने से लोगों को राशन के लिए बाजार का रुख करना पड़ रहा है। राशन की आपूर्ति न किए जाने पर लोगों में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के प्रति भारी रोष है।
जानकारी के मुताबिक दरकाली पंचायत में लोगों को जुलाई से सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। बताया जाता है कि रामपुर से राशन यहां तक पहुंचा ही नहीं है। इस वजह से उपभोक्ताओं को सस्ते राशन से वंचित रहना पड़ रहा है। राशन तकलेच में पड़ा हुआ है। लिहाजा, लोगों को आटा, चावल, तेल और दालों के लिए बाजार का रुख करना पड़ रहा है। यहां सरकारी डिपो के मुकाबले इन वस्तुओं के अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं। इधर, दरकाली पंचायत के पूर्व प्रधान चेतन पाकला ने बताया कि तीन माह से लोगों में राशन न मिलने पर खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रति रोष जताया है। कहा कि निगम की लापरवाही के कारण ही लोगों को सस्ते राशन से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने निगम से राशन की सप्लाई जल्द दरकाली भेजने की मांग की है। कहा कि अगर जल्द राशन पहुंचने के इंतजाम नहीं किए गए तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। दरकाली पंचायत की प्रधान रजनी बदरेल ने भी यहां राशन न पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने निगम से राशन की ढुलाई जल्द करने की मांग की है।
खाद्य आपूर्ति निरीक्षक अरविंद पदम ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण दरकाली राशन नहीं भेजा जा सका। उन्होंने कहा कि फील्ड कर्मचारियों को तकलेच से राशन जल्द दरकाली पहुंचाने के आदेश दे दिए गए हैं और जल्द लोगों को राशन देने के प्रयास किए जाएंगे।
