
नई टिहरी। ढुंगीधार में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण के निर्माणाधीन होटल की पुनर्वास निदेशालय ने एक बार फिर शासन के आदेश पर जांच शुरू कर दी है।
वर्ष 2001 में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने ढुंगीधार में एक टिहरी बांध विस्थापित से 200 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी लेकिन अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए 587 वर्ग मीटर पर होटल का निर्माण कराया था। वर्ष 2004 में नियत प्राधिकरण ने भूमि की नाप की तो अवैध अतिक्रमण पाया गया। वर्ष 2008 में प्राधिकरण ने होटल ध्वस्तीकरण के आदेश दिए थे। मामला तूल पकड़ने पर पूर्व मंत्री ने बाजार मूल्य के हिसाब से उक्त भूमि अपने पक्ष में आंवटित करने की मांग शासन से की थी। बाद में यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब शासन ने एक बार फिर से पूर्व मंत्री के होटल निर्माण के सबंध में जानकारी मांगी है। शासन ने पुनर्वास निदेशालय से फिर पूछताछ की तो अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के होटल की जांच शुरू कर दी है। पुनर्वास विभाग के ईई आरके तिवारी का कहना है कि जांच के उपरांत ही यह पता चल पाएगा कि कितने वर्ग मीटर पर अतिक्रमण हुआ है। शासन के निर्देशानुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह है विवाद
दरअसल जहां होटल बन रहा है उससे सटी भूमि पर जिला पंचायत अध्यक्ष रतन सिंह गुनसोला का ऊर्जा संचार पथ कार्यालय भी है। दोनों ही लोग भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने का आरोप एक दूसरे पर लगाते रहे हैं। दो माह पहले जिला प्रशासन ने ऊर्जा संचार पथ कार्यालय के पास से कुछ अतिक्रमण ध्वस्त भी किया था।
