
बड़सर (हमीरपुर)। पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने आईडी लखनपाल से सीपीएस पद से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भोटा प्रकरण से कांग्रेसियों का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। नैतिकता के आधार पर मुख्य संसदीय सचिव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, मीडिया सह प्रभारी राम रतन शर्मा, मंडलाध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, महामंत्री चतर सिंह कौशल, जिला परिषद सदस्य श्याम सिंह ढटवालिया, जिला उपाध्यक्ष कमलनयन, मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र बन्याल, राजेंद्र ढटवालिया, अनिल कौशल सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकरण से हमीरपुर के साथ-साथ बड़सर विधानसभा की जनता शर्मसार हुई है। भोटा विश्रामगृह प्रकरण में चार कांग्रेसी नेताओं पर दर्ज एफआईआर इसका ज्वलंत प्रमाण है। कांग्रेस ने सत्ता की ताकत का प्रयोग करते हुए प्रकरण को दबाने का भरसक प्रयास किया। बलदेव शर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर आरोपी कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जिले के भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीपीएस इंद्र दत्त लखनपाल को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
