
साहो (चंबा)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने 85 लाख रुपये की लागत से तैयार संगेरा पुल का उद्घाटन किया। इसके अलावा एक करोड़ 75 लाख रुपये से निर्मित साहो-प्रोथा-कुरेना सड़क का भी लोकार्पण किया। इसके बाद साहो में जनसभा को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि संगेरा पुल के निर्माण से प्रोथा, साहो, रजिंडू, कीड़ी, अठलुईं व गुआड़ पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा साहो-प्रोथा-कुरेना सड़क के निर्माण से अब चमारुई, बाहरेई, हलेला, तलेई, पखरोटू, गवालु, छतरूण, बडगा, सनौचा और बनगेटी गांव की जनता लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने चुनावी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रोथा-कुरैणा मार्ग को पक्का करने के लिए दो करोड़ 82 लाख रुपये की डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव पवन नैय्यर, मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष नीरज नैय्यर, कीड़ी वार्ड के जिप सदस्य राज सिंह ठाकुर, गुज्जर कल्याण सभा के अध्यक्ष हसनदीन, साहो पंचायत प्रधान ओम प्रकाश, बीडीसी सदस्य ओम प्रकाश, उपप्रधान उदय शर्मा, प्रोथा पंचायत के उप प्रधान राकेश महाजन, मिर हमजा, पीडब्ल्यूडी के एससी आरके सूद, एक्सईएन एमके मिन्हास, एसडीओ जेएस ठाकुर, आईपीएच के एसई एसके चौधरी, एक्सईएन आरसी कपूर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इंसेट….
वन मंत्री ने बस में सवार होकर किया उद्घाटन
वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने प्रोथा से कुरेना सड़क के उद्घाटन अवसर पर एचआरटीसी की बस में बैठ कर इसका शुभारंभ किया। उनके साथ बस में इतने ज्यादा लोग सवार हो गए कि यह ओवरलोड हो गई थी। हालांकि कुछ ही दूरी पर वन मंत्री बस से उतर कर अपनी गाड़ी में लौट आए। इसके बाद वन मंत्री दोबारा इस रूट पर अपनी गाड़ी में गए और उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके चलते साहो में उनके जनसभा के कार्यक्रम में भी देरी हो गई।
