
चुवाड़ी (चंबा)। हुबार पंचायत के गांव थनोली में विद्युत कर्मचारी चरण दास पुत्र बजिरू राम की हत्या के मामले में शक की सूई उसके साथ रह रहे छोटे बेटे पर घूम गई है। चरण दास के भतीजे गौरी प्रसाद पुत्र चतर सिंह निवासी बडीगी की ओर से पुलिस को दिए बयान के चलते चरण दास के बेटे शाम सिंह पर हत्या का शक जाहिर किया जा रहा है। उधर, हत्या के बाद से शाम सिंह भी लापता है। पुलिस ने शाम सिंह की तलाश तेज कर दी है। अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। चर्चा है कि हत्या का कारण चरण दास के किसी से अवैध संबंध हो सकते हैं। इसको लेकर उनके घर में तनाव बना रहता था। ज्ञात रहे कि चरण दास का शव उसके घर के पास नाले में पड़ा मिला था। उसके शरीर पर पिटाई के निशान थे। उसके शरीर पर व सिर के पीछे गहरी चोटें और कनपटी पर भारी घाव पाए गए। पिटाई इतनी बेरहमी से की गई थी कि उसकी एक आंख बाहर आ गई थी। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। एसपी जगत राम ने बताया कि पुलिस ने चरणदास के भतीजे गौरी प्रसाद के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। उसने चरण दास की हत्या के पीछे उसके बेटे शाम सिंह (24) का हाथ होने का शक जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस बयान के आधार पर शाम सिंह की तलाश शुरू कर दी है। वह फिलहाल भूमिगत चल रहा है।
