
कुल्लू। जिले के बाह्य सराज आनी उपमंडल के तहत गुगरा-जाओं-तराला सड़क पर अब लोगों को हिचकोले नहीं खाना पड़ेंगे। मार्ग पर बसें और अन्य वाहन सरपट दौड़ने लगेंगे। बारह किलोमीटर लंबे इस मार्ग को पक्का करने के लिए सरकार ने 2.15 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। विभाग ने पैसा स्वीकृत होते ही काम को अंजाम देने पर फोकस शुरू कर दिया है। लंबे अरसे से चली आ रही इस मांग से इलाके की बुच्छैर, लझेरी, कोहिला और देऊठी पंचायत के करीब तीस गांवों के लोगों को फायदा होगा।
सरकार ने सड़क को पक्का करने के लिए स्वीकृत की गई 2,15,73000 रुपये की राशि के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है। बुच्छैर पंचायत के प्रधान एवं आनी पंचायत संघ के अघ्यक्ष महेंद्र कायथ ने कहा कि सड़क पक्का करने के लिए धनराशि मंजूर हो चुकी है। कहा कि इस मार्ग के पक्का होने से इलाके के गुगरा, घनैर, काकल, थाच, कठार,समासर, सरट, शादकी, काफटी, जाखानाली, शौहण, जाओं, थनाच, लफाली, बुच्छैर, नौतोड़, चंद्रौण, कमाली, डीम, शिलाआटन, नाली, लढागी, बनास, शिगार, तराला और निचला तराला गांवों की सालों पुरानी परेशानी दूर होगी। पंचायत प्रधान ने कहा कि पैसा मंजूर होने पर लाभान्वित होने वाली सभी पंचायतों के ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। साथ ही इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और लोनिवि का आभार जताया है। विभाग अब औपचारिकताओं को पूरा कर सड़क को पक्का करने का काम आरंभ करवाएगा।
जल्द आरंभ होगा काम
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा ने कहा कि गुगरा – जाओं – तराला सड़क को पक्का किया जा रहा है। इस पर 2.15 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। विभाग ने सड़क को पक्का करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही सड़क को पक्का करने का काम आरंभ करवा देंगे।
