तांदला सायरी में उमड़ेगी लोगों की भीड़

काईस (कुल्लू)। सायर पर्व को लेकर सोमवार को कराडसू पंचायत के तंदला में भी देव मेले का आयोजन किया जाएगा। देवता पर अटूट आस्था रखने वाले देवलुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है। अधिष्ठाता देव शुक्ली नाग को समर्पित इस तीन दिवसीय मेले में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। देवता के कारदार ब्रेस्तु राम ने बताया कि देव परंपरा को निभाने के लिए तैयार हैं। सोमवार को पौ फटते ही देव कारज शुरू हो जाएगा। शुभ मुहूर्त में ढोल, नगाड़ों, नरसिगों और करनाल की मधुर स्वर लहरियों के बीच अधिष्ठाता देव शुक्ली नाग देवालय से निकलकर अपने मूल स्थान पहुंचेंगे। शिव शक्ति युवक मंडल तांदला के प्रधान अमरचंद ठाकुर ने बताया कि मेले की सांस्कृतिक संध्या में इस बार ख्याति प्राप्त लोक गायक प्रस्तुतियां देंगे। जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा और काईस शक्ति केंद्र के अध्यक्ष परमानंद ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।

Related posts