संदिग्धों की सूचना पुलिस को दें

बंगाणा (ऊना)। कई दिनों से चल रही अफवाहों के मद्देनजर एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बंगाणा थाने में समस्त पंचायत प्रधानों की बैठक की। उन्होंने पंचायत प्रधानों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गांव में यदि कोई भी व्यक्ति संदिग्ध अव्यस्था में घूमता पाया जाता है तो वे इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। मौके पर उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने भी उनके मोबाइलों पर अज्ञात लोगों की ओर से झूठी अफवाहें फैलाने की शिकायत भी एएसपी को दी। एएसपी ने सभी प्रधानों को ऐसी झूठी अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शातिर लोग ऐसी झूठी अफवाहों से जनता और पुलिस को गुमराह कर रहे हैं और अपनी वारदात को अंजाम देकर रफू चक्कर हो जाते हैं। एएसपी ने कहा कि पुलिस हर समय जनता के सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन जनता को भी ईमानदारी से पुलिस का पूरा सहयोग देना चाहिए। इस मौके पर एसएचओ रामदास कौशल, धनेत पंचायत के प्रधान रमेश चंद, बुधान के प्रधान शिवनाथ शर्मा, लठियाणी के प्रधान महेंद्र सिंह, गुरदेव, सूरज तनोह, उर्मिला ठाकुर धुंधला, सरोज ठाकुर अरलू खास, प्रधान तृष्ला देवी, उपप्रधान गुलामुद्दीन पिपलू, उपप्रधान अजय शर्मा टीहरा, के उपप्रधान अशोक कुमार सहित कई पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related posts