अंब में कारोबारियों का हंगामा

अंब (ऊना)। स्थानीय व्यापार मंडल से नाराज चल रहे कुछ कारोबारियों ने व्यापार मंडल अंब के नाम पर शनिवार को कारोबारियों की बैठक बुलाई। कारोबारियों को बैठक की सूचना देने के लिए शहर में ढिंढोरा पीटा गया। ढोल बजाते हुए दो व्यक्ति हर व्यापारिक प्रतिष्ठान में गए और हर कारोबारी का नाम पता पूछने के बाद रजिस्टर पर बाकायदा हस्ताक्षर लेने लगे। कइयों ने सूचना पर नाम पता लिखवाया और हस्ताक्षर भी किए। बाद में पता चला कि व्यापार मंडल की कार्यकारिणी ने तो ऐसी कोई बैठक ही नहीं बुलाई है। ढोल बजाते हुए सूचना दे रहे दोनों व्यक्ति जब व्यापार मंडल के प्रधान राजीव सूद की दुकान पर पहुंचे तो सूद ने दोनों से पूछताछ की। इस पर ढोल बजा रहे दोनों व्यक्तियों को थाना ले जाया गया। व्यापार मंडल के उपप्रधान सुरेश अरोड़ा और अन्य कई कारोबारी भी थाने पहुंच गए। पुलिस की सख्ती पर ढिंढोरा पीट रहे दोनों व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें दो कारोबारियों ने इस तरह की सूचना देने को कहा है। जब उन कारोबारियों के यहां उन्हें ले जाया गया तो अन्य कई कारोबारी वहां भी पहुंच गए। पुलिस ने जब ढिंढोरा पीटने वालों को काम पर लगाने वाले कारोबारियों से पूछताछ की तो पहले तो वे मुकर गए, लेकिन बाद में उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने ही इन दोनों व्यक्तियों को कहा था कि वे कारोबारियों को बैठक की सूचना दें। इस बीच व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जब इसे फर्जीवाड़ा बताया तो काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों कारोबारियों ने अपनी गलती मानी और भविष्य में ऐसा न करने के बारे में व्यापार मंडल और पुलिस को आश्वस्त किया। पता चला कि कुछ कारोबारी व्यापार मंडल की कार्यकारिणी से नाराज चल रहे हैं। यह उन्हीं की शरारत थी और उन्होंने ही पैसे देकर दो लोगों को ढिंढोरा पीटने के लिए कहा था। उधर, डीएसपी अंब मदन कौशल ने कहा कि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था।

Related posts