
अंब (ऊना)। अंब उपमंडल में चोरी की घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस व्यवस्था भी बेबस नजर आ रही है। चोरी एवं अन्य वारदातों से जहां पूरे जिले में दहशत का माहौल है। वहीं असामाजिक तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार देर रात चोरों ने क्षेत्र के चुरूड़ू गांव के कश्मीर सिंह के खेत में लगे ट्यूबवेल के सामान के अलावा खेती में उपयोग होने वाले औजारों पर भी हाथ साफ कर डाला। कश्मीर सिंह के मुताबिक शातिर लगभग 10 हजार का सामान चोरी कर ले गए।
उधर, अंब बाजार में दोपहर एक स्थानीय महिला खरीदारी करने के लिए दुकान में सामान देख रही थी। इसी दौरान किसी ने उसका पर्स एवं मोबाइल चुरा लिए। इस बात की भनक महिला को तब लगी, जब उसने दुकानदार को पैसे देने के लिए अपना पर्स देखा। महिला इस बात से दंग रह गई कि न तो उसके पास उसका पर्स था और न ही मोबाइल। अंब थाने के अतिरिक्त प्रभारी नितिन ने बताया कि इस संदर्भ में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो पुलिस अवश्य कार्रवाई अमल में लाएगी
