
मोहाली: 51 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किए गए पंजाबी गायक प्रीत बराड़ को तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने प्रीत बराड़ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि 51 लाख की धोखाधड़़ी के मामले में आरोपी प्रीत बराड़ को पिछले दिनों मुम्बई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था।
बराड़ पर मोहाली के फेज-2 निवासी रमनदीप ने एक प्रॉपर्टी के लेन-देन के मामले में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में केस दर्ज करवाया था। रमनदीप के अनुसार गायक प्रीत बराड़ ने उनसे 51 लाख रुपए में एक जमीन का सौदा किया था लेकिन प्रीत बराड़ ने न तो उनके पैसे वापिस किए और न ही जमीन की रजिस्ट्री करवाई। इस पर थाना फेज-8 में गायक प्रीत बराड़ के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मैं गायक हूं, धोखेबाज नहीं: बराड़
शुक्रवार को अदालत में पेशी पर आए गायक प्रीत बराड़ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आने वाले दिनों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उनको इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने किसी के साथ कोई धोखाधड़ी नहीं की है। बराड़ ने कहा, मैं एक गायक और कलाकार हूं। इसी के जरिए अपनी रोजी-रोटी चलाता हूं। धोखेबाज नहीं हूं। उन्होंने कहा कि वह नेपाल से अपनी शूटिंग पूरी करके मोहाली वापिस आ रहे थे। कभी देश छोड़कर जाने की बात मन में नहीं लाई और न ही वह इस मामले को निपटाए बिना कहीं जाना चाहते थे।
