भोटा बस स्टैंड नहीं जा रही बसें

बड़सर (हमीरपुर)। भोटा में परिवहन निगम ने बस स्टैंड की सुविधा तो दे दी है, लेकिन लोगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालत यह है कि शिमला से हमीरपुर की ओर जाने वाली निजी बसें अड्डा तक नहीं पहुंच पा रही हैं। यात्रियों को बस स्टैंड से आधा किलोमीटर दूर राधा स्वामी अस्पताल चौक पर उतारा जा रहा है। इस कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। एक मामले में शिमला से हमीरपुर आ रही निजी बस के चालक ने वीरवार रात 9 बजे मैहरे जाने वाली सवारियों को राधा स्वामी चौक पर उतार दिया। निजी बस शिमला से भोटा रात करीब 9 बजे पहुंची थी, उसमें मैहरे क्षेत्र की 4 लड़कियां और अन्य सवारियां बैठी हुई थीं। लड़कियां डरी सहमी हुई बड़ी मुश्किल से भोटा अड्डे तक पहुंची। उन्होंने भोटा बस अड्डे पर बस ले जाने के लिए कहा तो परिचालक ने उनके साथ बदतमीजी की। यात्रियों को राधा स्वामी स्वामी चौक पर उतार दिया गया। भोटा बस अड्डे पर बस न ले जाने पर एक्स सर्विस मैन हुकम सिंह गांव सलौनी ने निजी बस चालक, परिचालक के खिलाफ आरटीओ हमीरपुर से शिकायत की। स्थानीय लोगों ने चमन लाल, संजीव, मनोज कुमार, राकेश कुमार, विपिन शर्मा, संजीव शर्मा, राजेश ठाकुर, चमन लाल, अनिल कुमार, कांता देवी, सरोज, नीलम, रेखा, अनीता सहित अन्यों का कहना है कि ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में आरटीओ हमीरपुर संजीव शर्मा ने बताया कि शिकायत आई है, बस मालिक को सूचित कर कार्यालय बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि बसों का भोटा बस अड्डे में प्रवेश न करना गलत है।

Related posts