
तीसा (चंबा)। राजकीय हाई स्कू ल गनेड सिर्फ तीन पीटीए अध्यापकों के सहारे चल रहा है। इस स्कूल में अध्यापकों के सात पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से एक भी पद पर स्थायी अध्यापक नहीं है। हैरानी की बात तो यह है कि पीटीए पर भी पूरे अध्यापक तैनात नहीं हो पाए हैं। इसके कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब 200 बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। इस स्कूल में तैनात स्थायी अध्यापकों की करीब छह माह पहले ट्रांस्फर हो चुकी है। इसके बाद यहां किसी स्थायी अध्यापक की तैनाती नहीं की जा सकी है। शिक्षा विभाग की ओर से सिर्फ तीन शिक्षकों को पीटीए पर नियुक्त किया गया है। इन तीनों पर सात अध्यापकों के बोझ के अलावा स्कूल के बाकी कामकाज की भी जिम्मेवारी है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक राम सिंह, चैन लाल, चमन सिंह, दिनेश कुमार, अशोक, प्यार सिंह, राजीव कुमार, लाल चंद, रूपेश कुमार और हेम सिंह ने बताया कि स्कूल में एक तो स्थायी अध्यापक नहीं है, ऊपर से पीटीए अध्यापकों की संख्या भी महज तीन है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल में स्थायी अध्यापकों की नियुक्ति की जाए और सभी रिक्त पद भरे जाएं। उधर, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग ने यहां पीटीए पर शिक्षक तैनात किए हैं। स्कूल में रिक्त चल रहे बाकी पदों के बारे में सरकार को भी अवगत करवाया गया है।
