
चंबा। सरकार ने जिला चंबा के नौ स्कूलों में वोकेशनल विषय को शुरु किया है। इसमें से चार स्कूलों में सिक्योरिटी विषय को शुरू किया गया है, जो छात्रों के भविष्य के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इसके अलावा पांच स्कूलों में हेल्थ केयर विषय को शुरू किया गया है, जो छात्राओें के लिए रोजगार के द्वार खोल सकता है। वोकेशनल विषय में हर स्कूल को दो-दो ट्रेड दिए गए हैं। सिक्योरिटी विषय पढ़ने वाले छात्रों के लिए भविष्य में रोजगार के कई अवसर मिलेंगे। ज्ञात रहे कि आज प्रदेश में सिक्योरिटी की कई पोस्टें खाली पड़ी हुई हैं। अगर स्कूली छात्र नौंवी कक्षा से लेकर जमा दो कक्षा तक सिक्योरिटी विषय में चार लेवल पास कर लेते हैं तो उन्हें सिक्योरिटी विषय का अलग से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इस प्रमाण पत्र के आधार पर निजी क्षेत्रों में उनके लिए रोजगार के अवसर प्रदान होंगे। इसके अलावा सरकारी क्षेत्र में भी उन्हें प्राथमिकता के आधार पर नौकरी मिल सकती है। सरकार ने पंचायत में आशा वर्कर रखने का निर्णय लिया है। अगर छात्राएं हेल्थ केयर का कोर्स कर लेती है तो इनकों प्राथमिकता के आधार पर पंचायताें में नियुक्त किया जा सकता है। अस्पताल व कलीनिकों में भी हेल्थ केयर विषय पढ़ने वाली छात्राओं के लिए रोजगार के कई अवसर हैं। जिला चंबा में नौ स्कूलों में वोकेशन विषय को शुरू किया गया है। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय चंबा में हेल्थ केयर व रिटेल, ब्वायज स्कूल में ऑटो मोबाइल, आईटीईएस, बाथरी में आईटी व ऑटो मोबाइल, चुवाड़ी में आईटीईएस, सिक्योरिटी, भरमौर में हेल्थ सिक्योरिटी, तीसा में हेल्थ व सिक्योरिटी, सिहुंता स्कूल में सिक्योरिटी आइटीईएस, बनीखेत में रिटेल व हेल्थ व सलूणी में रिटेल तथा हेल्थ विषय को शुरू किया गया है। उधर, एनवाईक्यूएफ के कोआर्डिनेटर सुनील नैय्यर ने बताया कि वोकेशनल विषय में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
