डंगोली में आधी रात को घरों पर पथराव

ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती डंगोली गांव में देर रात शरारती तत्वों ने घरों पर पथराव कर सनसनी फैला दी। ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर तीन की दलित बस्ती में वीरवार मध्य रात्रि अचानक पत्थर बरसने शुरू हो गए। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना गांव के अन्य मोहल्लों को भी फोन से दी गई। ग्राम पंचायत के नुमाइंदे भी अपने साथ अन्य लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद पथराव बंद हो गया, लेकिन लोगों में एक बार फिर खौफ ने घर कर लिया है।
वीरवार देर सायं ही एसएचओ सदर केएल बैरी ने दर्जन भर पुलिस कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ गांव में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन पुलिस के लौटते ही पत्थरबाजी होने से माहौल फिर गर्मा गया। लोगों में इन वारदातों को लेकर दहशत देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों में रतन चंद, राज कुमार, शमशेर सिंह, आशीष कुमार, दीपक शर्मा, मुनीष कुमार का कहना है कि ऐसी वारदातों के चलते रात के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है। लोग छोटे बच्चों को लेकर अधिक चिंतित हैं।
ग्राम पंचायत प्रधान नरेश कुमारी शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर तीन में वीरवार रात पथराव की वारदात हुई है। लोगों के घरों के अंदर होने के चलते किसी को चोट नहीं पहुंची है। उधर, एसएचओ केएल बैरी का कहना है कि पुलिस डंगोली के प्रकरण पर पूरी नजर रखे हुए हैं। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

Related posts