एसपी कार्यालय में सीआईडी की दबिश

ऊना। जिला में हाल ही में हुई पुलिस भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। एक अभ्यर्थी पर खास नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि उक्त अभ्यर्थी परीक्षा में टॉपर रह चुका है। उसके पिता भी पुलिस विभाग में ही कार्यरत हैं। इसकी शिकायत किसी ने विभाग के धर्मशाला स्थित आईजी से की थी। शुक्रवार को सीआईडी की एसपी पुनीता भारद्वाज ने टीम सहित मामले की तहकीकात करने के लिए एसपी कार्यालय में भर्ती का पूरा रिकार्ड खंगाला। हालांकि, उन्होंने इस रिकार्ड के संदर्भ में कोई भी टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने भी मामले की पुष्टि की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ही हुई भर्ती प्रक्रिया में टॉपर रहे एक अभ्यर्थी की शिकायत किसी ने आईजी धर्मशाला से करते हुए उसे अनुचित तरीके से भर्ती किए जाने का आरोप जड़ा था। जिसकी जांच के लिए विभाग के बड़े अधिकारी ने भी उक्त अभ्यर्थी का साक्षात्कार लिया था। अधिकारी के संतुष्ट न होने की सूरत में मामले को सीआईडी के हवाले कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो इससे पूर्व भी विभाग के अधिकारी मामले की छानबीन के लिए ग्राउंड टेस्ट से लेकर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का पूरा रिकार्ड खंगाल चुके हैं। जिनमें सीटिंग प्लान और वीडियोग्राफी भी शामिल है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में छानबीन में क्या तथ्य सामने आए हैं, इन पर से पर्दा उठना अभी बाकी है। मामले के संदर्भ में पूछे जाने पर एसपी सीआईडी पुनीता भारद्वाज ने रिकार्ड खंगालने की पुष्टि की है।

Related posts