अपराध से सिहर उठा ऊना

ऊना। देवभूमि हिमाचल का सरहदी इलाका ऊना दिनदहाड़े लोगों के साथ हत्या, लूटपाट, स्नेचिंग और अन्य वारदातों से कांप उठा है। लोगों में दहशत है। पुलिस खामोश है। जिले के डंगोली, अंबोटा, चंबोओ और अन्य गांवों में लोगों के साथ हर रोज वारदातों की खबरें आ रही हैं। शुक्रवार को सिक्करी का परोह में दिनदहाड़े लूट के इरादे से युवक को गोली मारने की वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यहां तक कयास लगाए जा रहे हैं कि देवभूमि में भी सुपारी किलर और लुटेरों की पौध उगने लगी है।
वारदातों को बेरोजगारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। युवा किस कद्र रास्ता भटक गए हैं। इन वारदातों से इसका सहज ही पता लगाया जा सकता है। हालत यह हो गई है कि किसी के लिए भी घर से निकलना खतरे से कतई खाली नहीं है। चंद रुपयों की खातिर किसी को भी गोली मारने की हिम्मत रखने वाले कुछ भी कर सकते हैं। जिले में कई वारदातें ऐसी हो चुकी हैं, जिससे अब कोई भी सुरक्षित नहीं लग रहा है।

हाल के कुछ मामले
– जिले के चंबोआ में एक महिला को घर में बंधक बनाकर लूटने का मामला सामने आया था।
– इससे पूर्व भी बढेड़ा में विद्युत बोर्ड की महिला कर्मचारी को घर में बंधक बनाकर लूटा गया था।
– बाथड़ी में पंजाब के युवकों ने कुछ रुपये के लिए महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

ये वारदातें भी
लगभग तीन पेट्रोल पंपों पर लूटपाट सहित गगरेट क्षेत्र में पंजाब से आने वाले गाड़ी के चालकों को लूटना, निजी फैक्ट्रियों में कार्यरत दो कर्मचारियाें को चाकुओं की नोक पर लूटने जैसी सनसनीखेज वारदातें सामने आ चुकी हैं। एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि जिले में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस व्यापक इंतजाम करेगी।

Related posts