
शिमला। हिमाचल में खाद्य सुरक्षा योजना को 20 सितंबर को लांच किया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इसे शिमला के रिज मैदान से शुरू करेंगे। इसके तहत हिमाचल में अंत्योदय, बीपीएल सहित 32 लाख परिवारों को सस्ता राशन दिया जाएगा। यह जानकारी खाद्य एवं सुरक्षा मंत्री जीएस बाली ने वीरवार को राज्य सचिवालय शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।
बाली ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक को लाना भारत सरकार की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। इसका मकसद लोगों को भोजन की सुरक्षा देना है। उन्होंने कहा कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के नेतृत्व की सरकार ने इसके लिए दूरदर्शिता का परिचय दिया है। हिमाचल के लोगों को भी इसका व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे जहां 32 लाख परिवारों को एक, दो और तीन रुपये की दर से सस्ता अन्न मिलेगा, वहीं सरकार पीडीएस योजना को भी चालू रखेगी। इस योजना से छूटे 36 लाख एपीएल परिवारों के लिए पीडीएस योजना पूर्व की तरह ही मिलती रहेगी। उन्हें अनाज, चीनी और दालें सस्ते दाम पर मिलती रहेंगी। बाली ने कहा कि पहले इस योजना को 12 सितंबर को शुरू किया जाना था। इस बीच केंद्र में लोक सभा और राज्य सभा सहित विधेयक को पारित करने की कार्यवाही के बाद अब इसके लिए नई तिथि 20 सितंबर तय की गई है।
एपीएल राशन को मदद को केंद्र तैयार
शिमला। राज्य खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि एपीएल राशन के लिए मदद को केंद्र सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार से लगभग 400 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि इस पर स्थिति जल्द स्पष्ट होगी। इससे घाटे में डूबे निगम को उबारने में काफी मदद मिलेगी।
