
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के झीरी गांव में दो लोगों ने एक घर में घुस कर महिला के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। बीएसएल थाना सुंदरनगर में दर्ज अपनी प्राथमिकी में झारी गांव निवासी महिला गायत्री देवी ने आरोप लगाया है कि वह बुधवार देर शाम अपने घर पर ही काम कर रही थी। इसी दौरान वहां पर मनोज और उसका एक साथी जब्री उसके घर में घुस आए तथा उसके साथ मारपीट की। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच आरंभ कर दी है।
उधर, सुंदरनगर उपमंडल की पलोहटा पंचायत के नेरी वार्ड-दो के पंच की पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने पंचायत प्रधान और उसके पति पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पलोहटा पंचायत के नेरी वार्ड नंबर-दो के पंच राम लाल की पत्नी दासी देवी ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे अपने पति को बुलाने के लिए प्रधान के घर गई थी। अपने पति के बारे में पूछने पर पंचायत प्रधान और उसके पति ने उसके साथ मारपीट कर दी। उन्हाेंने बीबीएमबी थाना में शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर में भर्ती करवाया। पंचायत प्रधान दया देवी ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि दासी देवी देर रात अपने पति राम लाल को तलाश करने मेरे घर आई और गालीगलौज करने लगी थी। बीबीएमबी थाना प्रभारी बिन्नी मिन्हास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता का मेडिकल करवाया गया और कार्रवाई की जा रही है।
