
सुंदरनगर (मंडी)। मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने वीरवार को दूरस्थ क्षेत्र सोझा में 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पैदल चलने योग्य अणु बल्ह पुल की आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने बैहली में सुंदरनगर खंड के प्राथमिक स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 450 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के पिछड़े और दूरदराज क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। अणु बल्ह पुल का निर्माण कार्य 6 माह की अवधि में पूरा किया जाएगा। चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में शिक्षकों के दो हजार पदों को भरा जा रहा है। दोगरी, बलग, सेरी कोठी, बटवाड़ा पाठशाला को दस जमा दो का दर्जा, गैहण को उच्च तथा भलाण तथा बंदली स्कूल को मिडल स्कूल का दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने स्कूल मैदान में स्टेज के निर्माण के लिए डेढ़ लाख तथा सलाह गांव में वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने की घोषणा की। उन्होंने खेल आयोजन समिति को पांच हजार तथा बैहली स्कूल को सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत की प्रधान लीलावती, पीटीएफ प्रधान बाबू राम कौंडल आदि मौजूद रहे।
