दोनों हेलीकॉप्टर खराब, श्रद्धालु निराश

भरमौर (चंबा)। मणिमहेश के बड़े न्हौण में हैलीकाप्टर के जरिये पवित्र स्नान करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं को निराशा हाथ लगी है। यात्रा के दौरान सेवा दे रहे दोनों हैलीकाप्टर तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर पा रहे हैं। ये दोनों हैलीकाप्टर बुधवार को खराब हो गए थे। उधर, हैलीकाप्टर की खराबी के कारण वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी भी बुधवार को गौरीकुंड में ही फंसे रहे। इंतजार के बाद जब पता चला कि हैलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाएंगे तो उन्हें पैदल ही 13 किलोमीटर का सफल करना पड़ा। इस दौरान वन मंत्री रात को यात्रा के पड़ाव में ही रुके और वीरवार दोपहर को हड़सर पहुंच पाए। इसके बाद वे भरमौर लौट आए हैं। वहीं हैलीकाप्टर खराब होने के कारण वीरवार को राधाष्टमी पर डलझील में स्नान करने की इच्छा से भरमौर पहुंचे कई श्रद्धालुओं को वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा है। अभी तक हैलीकाप्टर ठीक नहीं हो पाए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी हैलीकाप्टर से यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को निराशा हाथ लग सकती है।

Related posts