भेड़ां तेरियां हो ’गीत पर झूमे दर्शक

भलेई (चंबा)। भलेई मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में चंबियाली लोक गायिका मंजू चिश्ती और लोक गायक काकू राम ठाकुर ने धमाल मचाया। उन्होंने धमाकेदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंजू चिश्ती ने अम्मा जो बोलणा, सेंईयो ऐसी लागी प्रीत, फुलियां दरेकां, टोली पीछे गिलडू सतोरा हो गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में प्रसिद्ध गायक काकू राम ठाकुर ने एक के बाद एक नान स्टाप पहाड़ी, पंजाबी और फिल्मी गानों की झड़ी लगाकर पंडाल में मौजूद दर्शक थिरकने पर मजबूर हो गए। भेड़ा तेरियां, धूडू नचेया, सौदा खरा-खरा, सावन में लग गई आग, रक्खेयो लाज गुरुदेव, तेरे लिए अखियों दी नींद गई, दिल चोरी साडा हो गया, कुत्थू भला रैंहदे गीत गाकर काकू राम ठाकुर ने दर्शकों को खूब झुमाया। इससे पूर्व गौतमी कौंडल और नरेंद्र राही ने दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान रीतिका, गितिका और मांडवी ने जबरदस्त नृत्य किया। काकू म्यूजिकल ग्रुप के पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने लोकनृत्य कर खूब समां बाधां। प्रथम सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत वंदना कला मंच के कलाकारों ने की। जोगिंद्र कुमार, कुशल कुमार, भावना और जोनी ने लोकगीत पेश किए। चंबा आईडल दुनी चंद राठौर ने अपने गीतों से पूरे हिमाचल की सैर करवा दी। रोहड़ू जाणा मेरी अमिये, कुल्लू मनाली लगा मेला, शालू दे क्वाटरा गाने गाकर उन्होंने काफी छाप छोड़ी। चंबा के नन्हे कलाकार सावन जरयाल ने तेरियां उडिकां, नीरू चली घूमदी, पानी री टंकी गीतों से खूब वाहवाही लूटी।

Related posts