
बंजार (कुल्लू)। कॉलेज में वीरवार को केंद्रीय छात्र परिषद की नवनियुक्त इकाई ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कॉलेज की समस्त कार्यकारिणी और शांतिपूर्ण माहौल में इस कार्यकारिणी के चयन के लिए समस्त छात्रों का आभार प्रकट किया। साथ ही प्राचार्य ने कार्यकारिणी के सदस्यों से आह्वान किया कि वे अब कॉलेज के उत्थान के लिए मिलकर काम करें।
उन्होंने युवा महोत्सव में उम्दा प्रदर्शन के लिए नेहा और कामिनी को बधाई भी दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि बंजार कॉलेज के छात्र मेहनती, उत्साह से लबरेज और असुविधा के कारण बड़े कॉलेजों के छात्रों के साथ खड़े हैं। कालेज के हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर डा. रमेश ठाकुर ने बताया कि गत वर्ष एथलेटिक्स स्पर्धा में कॉलेज की नीलिमा ने हमीरपुर में पहला स्थान हासिल किया था। डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि कामयाबी के शिखर तक पहुंचने के लिए छात्रों में इच्छा शक्ति होना जरूरी है। उन्होंने इस मौके पर विज्ञान भवन के कार्य में तेजी लाने तथा विज्ञान संकाय के लिए अतिरिक्त पुस्तकें मुहैया करवाने की बात कही। एससीए के लिए कमरा मुहैया करवाने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने एससीए के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष राजीव किशोर, सचिव राकेश, संयुक्त सचिव दिनेश सहित कमलेश ठाकुर, रूबीना देवी, दवींद्र ठाकुर, चंद्रमणि, बंदना देवी, पवन कुमार ठाकुर, दीवान सिंह, निशा वर्मा और गिरधारी लाल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
चयनित सदस्यों के साथ-साथ नामित सदस्यों में नीलमा देवी, गुड्डी देवी, ठाकुर सिंह, नैना देवी, घनश्याम, हंस राज, पवन कुमार, कविता देवी, सुलेश्वरी, टिटू और विनोद कुमार को भी बैज लगाए। शपथ समारोह के बाद एससीए के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने अपने विचार साझा किए। शपथ कार्यक्रम में कॉलेज के सभी प्राध्यापकों सहित छात्र मौजूद रहे।
